सोलन के ठोडो मैदान में खेल स्टेडियम को लेकर बातचीत करते हुए। संवाद
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने ठोडो ग्राउंड का दौरा कर दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के ऐतिहासिक ठोडो मैदान को आधुनिक खेल स्टेडियम का स्वरूप देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने ठोडो ग्राउंड का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने तहसीलदार सोलन को निर्देश दिए कि मैदान की निशानदेही का कार्य जल्द पूरा करें, ताकि आगामी कागजी कार्रवाई को अंतिम रूप दिया जा सके।मंत्री ने एनओसी लेने की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोलन के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर उनके साथ नगर निगम की महापौर ऊषा शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने कथेड़ में प्रस्तावित खेल मैदान की कवायद तेज करने की मांग उठाई। लोगों ने बताया कि सेब मंडी के समीप खेल मैदान के लिए चयनित भूमि पर कुछ आपत्तियां दर्ज की गई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि कथेड़ मैदान की जमीन नगर निगम की है और वन विभाग के साथ उठ रहे तकनीकी मुद्दों पर बातचीत चल रही है। उन्होंने निगम को निर्देश दिए कि इस मैदान के लिए भी जल्द दस्तावेज तैयार किए जाएं।