सोलन के पीएम श्री स्कूलों में डिजिटल प्रोग्रेस कार्ड को लेकर सख्ती
धीमी रफ्तार, मात्र आठ फीसदी पहुंची डीएचपीसी पोर्टल की प्रगति
स्कूलों के मुखियाओं को दिए समयबद्ध काम पूरा करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले के पीएम श्री स्कूलों में फॉर्मेटिव असेसमेंट (एफथ्री और फॉर) के सुचारु संचालन और रिकॉर्डिंग के लिए डिजिटल होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड को अब पूरी सख्ती के साथ लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। जिला परियोजना अधिकारी एवं उपनिदेशक (क्वालिटी कंट्रोल) समग्र शिक्षा सोलन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। विभाग की हाल में आयोजित समीक्षा में यह बात सामने आई कि जिला सोलन में डीएचपीसी पोर्टल पर कार्यान्वयन की स्थिति बेहद धीमी है। वर्तमान प्रगति मात्र आठ फीसदी तक सिमट गई है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने सभी पीएम श्री स्कूलों के मुखियाओं को प्राथमिकता के आधार पर इस कार्य में तेजी लाने और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। विद्यालय स्तर पर किसी भी तकनीकी रूप से दक्ष और डिजिटल कार्य में सक्षम शिक्षक या स्टाफ सदस्य को नोडल ऑफिसर नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा कक्षा पहली से आठवीं तक के सभी विद्यार्थियों का डीएचपीसी पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित शिक्षक लॉगिन के जरिये शिक्षकों का पंजीकरण भी पूरा किया जाएगा। उधर, समग्र शिक्षा जिला अधिकारी एवं उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा डॉ. राजेंद्र वर्मा ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।