सिपेट बद्दी में तीन दिवसीय ओपन हाउस कार्यक्रम शुरूसंवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। सिपेट बद्दी में तीन दिवसीय ओपन हाउस कार्यक्रम बुधवार को शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सिपेट के प्रिंसिपल इंस्पेक्शन देशराज शारदा ने किया। पहले दिन झाड़माजरी, बरोटीवाला के सरकारी स्कूलों के साथ आदर्श पब्लिक और क्रिसेंट मून पब्लिक स्कूलों के करीब 300 छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों ने भाग लिया। सिपेट के तीनों पाठ्यक्रमों (डीपीटी, डीपीएमटी एवं पीजीडी पीपीटी) के बारे में जानकारी दी। सिपेट बद्दी के तकनीकी प्रबंधक एन रमेश बाबू ने बताया कि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त तीन वर्षीय डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स मोल्ड टेक्नोलाॅजी (डीपीएमटी) और डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स टेक्नोलाॅजी (डीपीटी) में प्रवेश के लिए 10वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है। दो वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग एवं टेस्टिंग (पीजीडी-पीपीटी) में प्रवेश लेने के लिए विज्ञान में तीन वर्ष की पूर्णकालीन डिग्री होनी अनिवार्य है। इन सभी पाठ्यक्रमों के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। उपरोक्त पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रवेश परीक्षा पर आधारित है जिसके आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई है।