बद्दी के स्लम क्षेत्र चक्का में आईआरजी संस्था की स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रवासी कामगारो को पोषण क
बद्दी से शिवालिक व चक्का स्लम इलाकों में लगाया जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। आईआरजी संस्था ने ग्लेनमार्क फाउंडेशन के सहयोग से शुक्रवार को चक्का स्लम, हेट्रो स्लम एवं शिवालिक नगर स्लम में प्रवासी महिलाओं के साथ पोषण एवं स्वास्थ्य विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं उनके परिवारों को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी प्रदान करना था। इस कार्यक्रम में लगभग 200 प्रवासी महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुषमा शर्मा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमन ने महिलाओं को संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम, आयरन एवं फोलिक एसिड के महत्व, गर्भावस्था एवं प्रसवोत्तर देखभाल, शिशु एवं बाल पोषण, स्तनपान, टीकाकरण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वच्छ पेयजल के महत्व के बारे में जानकारी दी। सत्र के दौरान प्रवासी महिलाओं को कुपोषण, एनीमिया, कमजोरी, बच्चों में कम वजन, दस्त, डिहाइड्रेशन, मौसमी बीमारियों, संक्रमण व स्वच्छता की कमी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने एवं उपलब्ध सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए।