दाड़लाघाट में दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता संपन्न
विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
युवा पीढ़ी को खेल स्पर्धाओं में आगे आने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। धार्मिक युवा क्लब स्पोर्ट्स दाड़लाघाट की ओर से दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधायक अर्की संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अंबुजा लिमिटेड दाड़लाघाट से मुकेश सक्सेना विशेष रूप से मौजूद रहे। दो दिवसीय प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों की 22 टीम ने भाग लिया।
लड़कों के वर्ग में फाइनल मुकाबला तुन-ए और डीवाईसी के बीच हुआ। इसमें डीवाईसी की टीम विजेता और तुन-ए उपविजेता रही। लड़कियों का मुकाबला भी बहुत रोमांचक रहा। डीवाईसी दाड़लाघाट और आईटीआई की टीम के बीच मैच हुआ। इसमें डीवाईसी दाड़लाघाट विजेता बनी। इस अवसर पर विधायक ने कहा धार्मिक युवा क्लब स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित प्रतियोगिता सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेलों को समय-समय पर आयोजित करते रहे ताकि युवा पीढ़ी खेल के साथ जुडे़। खेल प्रतिस्पर्धा करवाने के लिए उन्होंने साथ रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को ही तंदरुस्त नहीं रखते हैं। जबकि एकजुट होने की भावना भी प्रदान करते हैं। अगल-अलग जगहों से टीम आती है। इससे वहां के रंग-रूप समेत संस्कृति का पता चलता है। इस मौके पर दोनों वर्गों में विजेता और उपविजेता टीमों को विधायक ने सम्मानित किया।
इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष चेतन ठाकुर, सचिव तनुज शुक्ला, उपाध्यक्ष रजत भूपेंद्र गांधी, आशीष, परवीन लखनपाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।