सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड, हिमाचली और पंजाबी कलाकार बांधेंगे समां
खेल प्रतियोगिताओं के साथ मिस और मिस्टर कुनिहार का भी होगा चुनाव
श्री राम लीला जन कल्याण समिति ने तैयारियां की पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। कुनिहार में दो दिवसीय दशहरा उत्सव 2 और 3 अक्तूबर को आयोजित होगा। इस वर्ष उत्सव में पंजाबी, बॉलीवुड और हिमाचली कलाकार प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा मिस्टर और मिस कुनिहार का आयोजन भी किया जाएगा।
उत्सव के पहले दिन स्कूली बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम को प्रथम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ के कलाकार, कॉमेडियन और अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे। लोगों के मनोरंजन के लिए बड़े झूले और ऊंट की सवारी आकर्षण का केंद्र रहेगी। सूर्यास्त के साथ ही बुराई पर अच्छाई के प्रतीक भगवान राम द्वारा रावण के 40 फीट के विशाल पुतले का दहन किया जाएगा।
मेले में विभागों और स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी, बेबी शो, कबड्डी, बैडमिंटन और घड़ा फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। दूसरे दिन लकी ड्रॉ ‘ईनाम दान’ के तहत निकाला जाएगा। दूसरी संध्या में प्रसिद्ध पहाड़ी गायक काकू राम ठाकुर, दीपक जन देवा और धीरज एवं दिव्या प्रस्तुतियां देंगे। एंकर प्रीति चौहान होंगी।
श्री राम लीला जन कल्याण समिति के अध्यक्ष रितेश जोशी ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मौके पर समिति के सभी सदस्य भी मौजूद रहेंगे।