शीघ्र पानी नहीं आया तो आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
12 दिनों से दोनों गांव पानी नहीं पहुंचा, तीन हजार लोग हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। थाना पंचायत के धर्मपुर और कोटला गांवों में पिछले बारह दिनों से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे करीब तीन हजार की आबादी पानी के लिए भटक रही है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। यह समस्या उठाऊ योजना की मोटर खराब होने के कारण उत्पन्न हुई थी। विभाग ने सात दिन बाद इसकी मोटर बदली। हालांकि, इसके तुरंत बाद इसी योजना के स्टोर टैंक की मोटर भी जल गई। इस दोहरी खराबी के चलते धर्मपुर और कोटला गांवों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। पानी न मिलने से लोग टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर हैं। कुछ ग्रामीण अपनी प्यास बुझाने के लिए प्राचीन बावड़ियों का सहारा ले रहे हैं। बीडीसी अध्यक्ष अशोक कुमार, डॉक्टर प्रदीप, रामलखन, नंदलाल, दीपक रोहित, मोहित, मनोज, बिल्ला, मनीष, सतपाल, राधा कृष्ण, हुसन चंद, रमन, निक्कू, सरोज, सीता, रीना, रमेश, बंटी, विजय, सतपाल और पूर्व पंच किरण देवी सहित कई ग्रामीणों ने खाली बर्तन रखकर विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारह दिन बीत जाने के बाद भी विभाग पेयजल लाइन को सुचारू नहीं कर पाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे। ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विभाग समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
कोट
योजना की खराब हुई मोटर की मरम्मत कर उसे फिट कर दिया गया है। दोपहर बाद तीन बजे मोटर को चालू करके टैंक भरा जा रहा है। जल्द ही लोगों को पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। -राहुल अबरोल, अधिशासी अभियंता, जलशक्ति विभाग