बारिश के दौरान और सफाई व्यवस्था के अभाव में गंदगी पसारने वाला सोलन शहर का ड्रेनेज सिस्टम अंडरग्राउंड होगा। पूरे शहर के मुख्य बाजारों और 15 वार्डों में इसका जाल बिछेगा। खास बात यह है कि अगर नगर परिषद को बजट कम पड़ेगा तो कारोबारी आर्थिक मदद के लिए हाथ बढ़ाएंगे।
ट्रायल के तौर पर नगर परिषद द्वारा सोलन के चौक बाजार से लेकर माता शूलिनी मंदिर तक आठ इंच की अंडरग्राउंड पाइप बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है। इसके साथ ही सोलन के मालरोड स्थित मुरारी मार्केट से पुराने बस स्टैंड तक इन पाइपों को बिछाने का कार्य चल रहा है। इन अंडरग्राउंड पाइपों के द्वारा ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाया जा सकेगा। नप का दावा है कि इन अंडरग्राउंड पाइपों की उम्र करीब 100 साल होगी। सौ साल बाद ही पाइपों को बदलने की जरूरत पड़ेगी।
नहीं रुके पानी
नप का दावा है कि नालियों का स्लोप नए सिरे से तैयार होगा। जगह-जगह चैंबर भी बनाए जाएंगे। ताकि दिक्कत आने पर इसे दुरुस्त किया जा सके। नगर परिषद शहर की सड़कों के किनारों पर पानी की निकासी की उचित व्यवस्था का ट्रायल कर रही।
यहां होगा कार्य
शहर के मुख्य बाजार, माल रोड, अप्पर बाजार और सभी वार्डों में अंडरग्राउंड पाइपें बिछाए जाने का प्रस्ताव है। इससे बारिश के दौरान नालियों में जमी गंदगी के कारण एक ही स्थान पर पानी नहीं रुकेगा। बरसात में गंदगी और गर्मियों में बदबू से छुटकारा मिलेगा।
यह है परेशानी
शहर में ड्रेनेज व्यवस्था सुचारु नहीं होने से हल्की बारिश से भी सड़कें पानी से भर जाती हैं। यह पैदल चलने वालों के साथ वाहन चालकों के लिए भी परेशानी का कारण बनता है। यही नहीं दूसरे राज्यों से घूमने आए पर्यटकों के सामने भी शहर की छवि खराब होती है।
शहर के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा : पवन गुप्ता
नगर परिषद के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि इससे शहर के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सड़क को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना को सफल बनाने में व्यापारियों, स्थानीय लोगों और नप को साथ मिलकर कार्य करना होगा।
मदद के लिए कारोबारी तैयार
व्यापार मंडल के उपप्रधान रमेश बंसल ने कहा कि अगर नप को इस कार्य में बजट की कमी आए तो आर्थिक मदद के लिए कारोबारी भी तैयार हैं। अप्पर बाजार एसोसिएशन के प्रधान गिरिश साहनी का कहना है कि इसके लिए नप को सहमति जताई जा चुकी है। ज्यादा नहीं थोड़ी बहुत मदद के लिए एसोसिएशन तैयार है।
अलग की जाएंगी पानी की पाइपें
कई स्थानों पर नालियों के बीच में पानी की पाइपें गुजर रही हैं। शहर में पीलिया का यह एक कारण माना जा है। नगर परिषद की इसी प्रोजेक्ट में कोशिश रहेगी की पीने के पानी की पाइपों को ड्रेनेज सिस्टम से दूर रखा जाए। इस पर भी कार्य किया जा रहा है।