सोलन। उपायुक्त कृतिका कुल्हारी ने सोलन आने वाले सभी पर्यटकों और आमजन से आग्रह किया है कि वे कंडाघाट विकास खंड के साधुपुल के समीप अश्वनी खड्ड के किनारे न जाएं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पेयजल संरक्षण एवं पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए लिया है।
कृतिका कुल्हारी ने सभी से आग्रह किया कि अश्वनी खड्ड के किनारों पर न तो गाड़ियां धोएं और न ही प्लास्टिक कचरा और अन्य प्रकार की गंदगी खड्ड के पानी में डालें। उन्होंने कहा कि इस तरह का कृत्य जहां पेयजल को दूषित करता है, पर्यटकों के जीवन के लिए खतरनाक सिद्ध हो सकता है।
उन्होंने सभी से यह आग्रह भी किया है कि अश्वनी खड्ड में किसी भी प्रकार की जलक्रीड़ा के लिए न जाएं। सार्वजनिक स्थानों पर नाक से ठोडी तक ढकते हुए मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग नियम अर्थात दो व्यक्तियों के बीच उचित दूरी बनाए रखने और बार-बार अपने हाथ साबुन या अल्कोहल युक्त सैनिटाइजर से साफ करने से कोरोना संक्रमण से बचाव किया जा सकता है।
उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटकों को साधुपुल से चायल जाने और भोजनालय में भोजन करने में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। कुल्हारी ने कहा कि सोलन जिले की परिधि में अश्वनी खड्ड के किनारे धारा-144 लागू की गई है। इसके तहत अश्वनी खड्ड में नहाना, गाड़ी धोना, प्लास्टिक कचरा और अन्य गंदगी फैलाना निषिद्ध है।