रामशहर तहसील के गांव सुना में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के अंत में ट्राॅफी लेती विजेता टीम डोल
रामशहर के सुना गांव में यूथ क्लब ने किया प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर(सोलन)। रामशहर के गांव सुना में यूथ क्लब की ओर से आयोजित अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में डोली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत हासिल की। फाइनल मैच डोली और बहेड़ी की टीमों के बीच खेला गया। डोली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 6 ओवरों में 65 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहेड़ी की टीम ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन वे 6 ओवरों में 61 रन ही बना सके। इस तरह डोली ने मात्र 4 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट के समापन समारोह में समाज सेवी उर्मिला शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए और यूथ क्लब सुना के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अपना विशेष सहयोग भी प्रदान किया। उन्होंने युवाओं को खेलकूद से जुड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए नशे की बुराई से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को खेल व सकारात्मक कार्यों में लगाएं।