नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है और लोग इसकी चपेट में आने लगे हैं। अब तक डेंगू ने 25 लोगों को अपना शिकार बनाया है। इन लोगों में डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। बीबीएन में डेंगू के इन 25 मामलों में बद्दी के 18 और नालागढ़ में सात मरीज पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। बीते वर्ष यह आंकड़ा 500 के पार हो गया था। इस वर्ष फिर डेंगू लोगों को डंक दे रहा है।
बीबीएन के तहत नालागढ़ और बद्दी अस्पतालों में एलीजा विधि से डेंगू के टेस्ट होते हैं। अब तक 437 टेस्टों में 25 रोगी डेंगू के पाए गए हैं जिसमें से बद्दी में एलीजा विधि से किए टेस्टों के तहत 361 में से 18 और नालागढ़ अस्पताल में 66 टेस्टों में से सात लोग डेंगू के शिकार बने हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग नालागढ़ अपना जागरूकता अभियान चलाए हुए है।
यदि डेंगू के रोगियों की संख्या बढ़ती रहेगी तो जिला अस्पताल से भी यहां विशेष टीम की तैनाती की जाएगी। इस वर्ष अब तक 25 मरीज डेंगू के सामने आए है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि डेंगू की रोकथाम के लिए सफाई का होना जरूरी है। नालागढ़ अस्पताल के एमडी मेडिसिन डॉ. आनंद घिल्डियाल ने बताया कि इससे बचने के लिए बर्तनों को ढककर रखें और मच्छरदानियों का प्रयोग करें। डेंगू की रोकथाम के लिए सफाई बहुत जरूरी है। कूलर आदि में रखा पानी साफ करना चाहिए।
खंड चिकित्साधिकारी नालागढ़ डॉ. केडी जस्सल ने कहा कि बीबीएन में एलीजा विधि से किए 437 टेस्टों में से 25 लोगों में डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। बद्दी अस्पताल में किए 361 टेस्टों में 18 और नालागढ़ अस्पताल में 66 टेस्टों में सात मरीजों को डेंगू मिला है। इसकी रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेज दी गई है।