उपायुक्त करेंगे मेले का शुभारंभ, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 19 को आएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू(सोलन)। छावनी परिषद सुबाथू में ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जिला स्तरीय श्री गुग्गा माड़ी मेला 17 से 20 सितंबर तक चलेगा। चार दिन तक चलने वाले मेले में जहां दिन के समय विभिन्न धार्मिक और व्यापारिक गतिविधियां होंगी, वहीं हर शाम 7 बजे से भव्य सांस्कृतिक संध्याएं भी होंगी। श्री गुग्गा माड़ी कमेटी सपाटू की ओर से विस्तृत कार्यक्रम का पोस्टर जारी कर दिया गया है। 17 सितंबर वीरवार को उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा टमक पूजन के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशांत गुप्ता कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। 18 सितंबर को सात बजे माड़ी में छड़ी का स्वागत किया जाएगा। 19 को दिन में 2 बजे दंगल होगा। इसमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। 20 सितंबर को 14 जीटीसी के डिप्टी कमांडेंट मनोज शिंदे दोपहर 2 बजे बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर दंगल का शुभारंभ करेंगे । मेले के दौरान चारों दिन स्थानीय और प्रदेश के नामी कलाकार दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे । 17 सितंबर को मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में द हिमाचली जोड़ी अपनी आवाज का जादू बिखेरेगी। 18 सितंबर दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य कलाकार काकू राम ठाकुर अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे। 19 सितंबर मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचल के मशहूर नाटी किंग कुलदीप शर्मा अपने गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। इस अवसर पर छावनी मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशांत गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे । 20 सितंबर मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक कुमार साहिल अपनी आवाज से समा बांधेंगे।
-
13 से खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज
मेले की खेल गतिविधियों की शुरुआत 13 से 16 सितंबर तक बैडमिंटन प्रतियोगिता से होगी, जिसका शुभारंभ रण सिंह की ओर से किया जाएगा। वहीं समापन पर जिला परिषद सदस्य नेत्र अत्री करेंगे। इसी कड़ी में कबड्डी प्रतियोगिता 16 से 18 सितंबर तक होगी। इसका उद्घाटन ग्राम पंचायत चामत भड़ेच के उपप्रधान महेंद्र सिंह और समापन पुरस्कार वितरण उपप्रधान संजीव ठाकुर की ओर से किया जाएगा ।
मेले के अंतिम दो दिन यानी 19 और 20 सितंबर को दोपहर 2:00 बजे से विशाल दंगल होगा। बड़ी माली के विजेता को 31,000 रुपये और उपविजेता को 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। छोटी माली के विजेता को भी 21,000 रुपये की राशि इनाम में मिलेगी। वहीं उपविजेता को 15000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा ।
-
15 और 16 को होगा दुकानों का आवंटन
मेला कमेटी ने जानकारी दी है कि बाहरी और स्थानीय दुकानदारों को प्लॉट का आवंटन 15 और 16 सितंबर को सुबह 10:00 बजे से किया जाएगा। सभी दुकानदारों को दुकानों में केवल एनईडी बैटरी बल्ब का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में पॉलिथीन का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और इसके उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता से साफ-सफाई बनाए रखने और जेब कतरों से सतर्क रहने की अपील की है।