नालागढ़ रामशहर मार्ग पर अवैध निर्माण का विरोध करते हुए स्थानीय लोग- संवाद।
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। रामशहर रोड स्थित वार्ड नंबर-9 में पीर बाबा दरगाह के नाम पर दान की गई करीब 46 बीघा जमीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि वक्फ बोर्ड से जुड़े कुछ लोगों ने बिना अनुमति जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया, जिसे स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया। निर्माण की सूचना मिलते ही विभिन्न समुदायों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। सभी ने एकजुट होकर कहा कि यह मामला केवल जमीन का नहीं, बल्कि भाईचारे और सार्वजनिक अधिकारों से जुड़ा है और अवैध कब्जा किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार यह जमीन सैकड़ों वर्ष पहले तत्कालीन राजा ने दरगाह के लिए दान की गई थी। यहां दरगाह के साथ अन्य धार्मिक स्थल भी मौजूद हैं और यह स्थान लंबे समय से सभी समुदायों की आस्था का केंद्र रहा है। आरोप है कि पहले यहां खड़े खैर के पेड़ों को सुखाकर हटाया गया और बाद में वहां पार्किंग बनाई गई, जो कब्जे की कोशिश का हिस्सा हो सकता है। भाजपा ओबीसी सेल के जिला अध्यक्ष नसीब सिंह सैनी ने मौके का दौरा कर कहा कि दरगाह कमेटी की सहमति के बिना निर्माण करना गलत और गैरकानूनी है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही सुझाव दिया कि जमीन का उपयोग जनहित में, जैसे खेल मैदान या सामुदायिक स्थल के रूप में किया जाए।स्थिति को देखते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य तुरंत रुकवा दिया गया। राजस्व विभाग ने दोनों पक्षों को जमीन की निशानदेही के लिए आवेदन करने को कहा है। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण प्रतिबंधित रहेगा।एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग को मौके पर भेजकर कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने सभी समुदायों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।