बद्दी में उपमंडल स्तरीय रेड क्रास की बैठक में भाग लेते हुए पदाधिकारी- स्रोत- विभाग
बद्दी में विधायक राम कुमार की अध्यक्षता में हुई रेडक्रास सोसायटी की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। दून के विधायक राम कुमार ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी मानवता की सेवा का एक सशक्त माध्यम है और यह जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राम कुमार चौधरी बद्दी में आयोजित उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक की अध्यक्षता में बोल रहे थे। बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी की सदस्यता के लिए आजीवन सदस्यता शुल्क 2000 रुपये, वार्षिक अंशदान 1000 रुपये और सामान्य वार्षिक सदस्यता 250 रुपये एवं संस्थागत सदस्यता के लिए न्यूनतम 20,000 रुपये वार्षिक शुल्क निर्धारित करने पर चर्चा की गई। बैठक में सोसायटी के सुचारू संचालन के लिए न्यूनतम 50 सदस्यों की अनिवार्यता पर भी विचार-विमर्श किया गया। सोसायटी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने और इसकी आय में वृद्धि के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए। बैठक में उपमंडल बद्दी में रेडक्रॉस मेले के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने इस अवसर पर सभी अधिकारियों, सदस्यों एवं आम जन का आह्वान किया कि इस संस्था को सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करें। बैठक में नवगठित उपमंडल रेडक्रॉस सोसायटी यूनिट बद्दी के गठन एवं कार्यप्रणाली से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर एसडीएम बद्दी डॉ. संजीव धीमान, एएसपी बद्दी अशोक वर्मा, वनमंडलाधिकारी विकल्प यादव, कुनिहार राजकुमार, उप निदेशक उच्च शिक्षा सोलन गोपाल चौहान और विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा जन शिकायत निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।