सोलन कॉलेज में उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों में एआई व ऑटोमेशन के समावेश पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
सोलन कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय समावेश पर सम्मेलन शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय सोलन के अंग्रेजी विभाग की ओर से उच्च शिक्षा के विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रमों में एआई और ऑटोमेशन का एकीकरण विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ मौके पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने आधुनिक शिक्षा प्रणाली में तकनीकी बदलावों की आवश्यकता पर बल दिया। उद्घाटन सत्र में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित वक्ताओं ने भाग लिया। इसमें अजरा ताजीजी, डॉ. विष्णु गोपन और डॉ. शमनाज बानो ने अपने विचार साझा किए। विशेष चर्चा में प्रसिद्ध कवयित्री और व्याख्याता डॉ. शमनाज बानो ने मानविकी के विषयों के साथ तकनीक के समन्वय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने एआई आधारित शिक्षा शास्त्र और पाठ्यक्रम डिजाइन में ऑटोमेशन की भूमिका पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों जैसे दिल्ली एनसीआर, केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कश्मीर, झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित लगभग 140 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। प्राचार्य के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की आयोजन समिति की उनके विजन और प्रतिबद्धता के लिए सराहना की गई।