सोलन में मतदान केंद्रों को लेकर मंथन करते उपायुक्त और अन्य अधिकारी। स्रोत: डीपीआरओ
मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के संबंध में उपायुक्त ने ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में दून विधानसभा क्षेत्र में तीन नए मतदान केंद्र समाणु, ठिंबर और बेली खोल, सोलन विधानसभा क्षेत्र में एक नया मतदान केंद्र लखड़ांजी और कसौली विधानसभा क्षेत्र में तीन नए मतदान केंद्र भेड़े का खेच, शडियाना व बड़ोग (नारायणी) को बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में 7 मतदान केंद्रों के भवन परिवर्तन करने पर सहमति जताई गई। इनमें अर्की विस के जलाणा, नालागढ़ विस के ऊंटपुर-3, वार्ड नंबर-5 (जैनियांवाला) और वार्ड नंबर-3 (हरिजन काॅलोनी), दून विस के कुठाड़-1 और मंधाला-1 व सोलन विस के रबौन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बैठक में 4 युक्तिकरण प्रस्तावों को भी सहमति दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि उपरोक्त समस्त सहमति प्रस्तावों को शीघ्र मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश को आगामी स्वीकृति के लिए प्रेषित किया जाएगा।
इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान, नायब तहसीलदार दीवान सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार गोपी चंद डोगरा समेत सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।