पट्टा अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ तैनात करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा
दून विधानसभा क्षेत्र की केंडोल पंचायत में किया ग्राम सभा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत केंडोल में वीरवार को ग्राम सभा का आयोजन हुआ। इसमें पंचायत को नशा मुक्त और स्वच्छ बनाने पर चर्चा की गई। कोरम के लिए 115 लोगों की आवश्यकता थी, जबकि 200 से अधिक लोग उपस्थित हुए।
ग्राम सभा सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चली। इसकी अध्यक्षता पंचायत प्रधान प्यारे लाल ने की। सभा में वीबी जी रामजी से जुड़ी जानकारियों और विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पंचायत को साफ-सुथरा और स्वस्थ रखने के लिए स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान दिया गया। युवा पीढ़ी और समाज को सुरक्षित रखने हेतु क्षेत्र को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। सभी से एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की गई। मेरी आवाज पट्टा महलोग के संचालक राजू शर्मा ने पट्टा सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ तैनात करने की मांग की। उन्होंने बताया कि सीएचसी में केवल एक चिकित्सक है, जिससे आधा दर्जन पंचायतों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं। गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए बाहर भेजना पड़ता है। वार्ड सदस्य पूनम ने पंचायत में फेरी लगाने वालों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बिना नंबर के बाइकों पर घूमने वाले फेरी वालों से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई।
वार्ड सदस्य उमेश ने पंचायत में नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने लोगों से ऐसी सूचना तुरंत पंचायत को देने का आग्रह किया। वार्ड सदस्य गोविंद ने केंडोल प्राथमिक स्कूल भवन की मरम्मत कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि स्कूल की हालत काफी खराब है और बच्चे डर के साये में पढ़ते हैं। पूर्व प्रधान अनिल शर्मा ने अपने कार्यकाल के अधूरे बचे हुए कार्यों को नई पंचायत द्वारा पूरा करने का अनुरोध किया। सभी लोगों ने अपने वार्ड में डंगे और रास्ते पक्के करने की मांग भी उठाई। उप प्रधान शेर सिंह, वार्ड सदस्य पूनम शर्मा, किरन, अनुराधा, उमेश कुमार, गोविंद, ओम प्रकाश, राम जी समेत दो सौ से अधिक लोग मौजूद रहे।
स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी मुद्दे
विकास और शिक्षा संबंधी मांगें