शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों को दिए निर्देश,सुरक्षा से संबंधित इंतजामों का भी देना होगा प्लान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला के सभी प्राथमिक, माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में अब आपदा प्रबंधन कमेटी का गठन करना अनिवार्य होगा। शिक्षा विभाग ने इसके लिए सभी स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों के अनुसार प्रत्येक स्कूल को इस सत्र के लिए आपदा प्रबंधन प्लान तैयार करना होगा। इसमें यह तय होगा कि यदि कोई प्राकृतिक आपदा आती है तो स्कूल के पास उससे निपटने के कौन-कौन से साधन उपलब्ध हैं। जिले में कुल 1,064 स्कूल हैं, जिनमें कमेटी गठन और आपदा प्रबंधन प्लान तैयार करना अनिवार्य है। शिक्षा विभाग इनकी नियमित जांच भी करेगा। स्कूलों को आपदा के दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ के बचाव, प्राथमिक उपचार, और आसपास सुरक्षित स्थानों की जानकारी सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ ही कमेटी के सदस्यों को सामाजिक और मनोवैज्ञानिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण के तहत मॉकड्रिल का आयोजन भी किया जाएगा। जिला आपदा प्रबंधक के जिला समन्वयक पंकज धौंटा ने बताया कि स्कूलों के लिए आपदा प्रबंधन गतिविधियों का बजट प्रस्तावित किया गया है। बजट मिलने के बाद स्कूलों में शिक्षकों को प्रशिक्षण के साथ आपदा प्रबंधन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला समग्र अधिकारी डॉ. राजेंद्र वर्मा ने बताया कि विभाग की टीम जल्द ही स्कूलों का निरीक्षण भी करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि सभी स्कूल आपदा प्रबंधन कमेटी और सुरक्षा प्लान के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।