संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन के विकास खंड धर्मपुर की कोटला पंचायत में लोक चेतना मंच की ओर से दो दिवसीय आपदा प्रबंधन कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। पहले दिन इस कार्यशाला में 36 युवाओं ने भाग लिया। कार्यशाला की संयोजक निशा ने युवाओं को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए और बताया कि आपदा कई प्रकार की हो सकती हैं, जैसे भूकंप, अग्निकांड और प्राकृतिक डिजास्टर। उन्होंने त्वरित रिस्पॉन्स के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भूकंप के झटके महसूस होने पर तुरंत खुले स्थानों पर जाना चाहिए ताकि जान-माल का नुकसान कम से कम हो। साथ ही, घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और मौके पर प्राथमिक उपचार देने के तरीकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला के दूसरे दिन हार्ट अटैक के दौरान सीपीआर देने की तकनीक और बीमारियों में फर्स्ट एड देने जैसी जानकारी दी जाएगी। निशा ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को आपदा के दौरान बचाव और सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना है। भविष्य में विकास खंड की अन्य पंचायतों में भी इस तरह की कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।