झाड़माजरी- अलंबिक चौक पर नाली जाम होने से दुकानों के आगे बह रहा गंदा पानी- संवाद
मंदिर और स्कूल जाने वाले श्रद्धालु व बच्चे परेशान, दुकानदारों का कामकाज हो रहा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी से अलंबिक चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर शनि देव मंदिर के समीप जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यहां मुख्य नाली के ब्लॉक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय दुकानदारों, स्कूल के बच्चों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि बीबीएनडीए को इस बारे में सूचित करने के बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। नाली का गंदा पानी दुकानों के ठीक सामने से बह रहा है, जिससे इलाके में दुर्गंध फैली हुई है। स्थानीय दुकानदार महेंद्र सिंह, पवन कुमार, सुभाष, शमी ठाकुर, रवि और सन्नी ने बताया कि गंदगी के कारण ग्राहकों ने दुकानों पर आना बंद कर दिया है, जिससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासी पवन कुमार ने बताया कि इसी मार्ग पर प्रसिद्ध शनि मंदिर और एक निजी स्कूल भी स्थित है। सुबह और शाम के समय मंदिर जाने वाले श्रद्धालु, जो स्नान के बाद पूजा के लिए निकलते हैं, उन्हें इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, छोटे-छोटे स्कूली बच्चे भी इसी गंदगी से होकर जाने को मजबूर हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
कोट
मामला संज्ञान में है। जल्द ही कामगारों को मौके पर भेजकर नाली की सफाई करवाई जाएगी और जल निकासी को सुचारू कर दिया जाएगा।
सुमित आजाद,अधिशासी अभियंता,बीबीएनडीए