कॉलेज की अंजलि बनीं सर्वश्रेष्ठ कैडेट
दिग्गल कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने किया शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय दिग्गल की एनसीसी यूनिट ने नौणी विश्वविद्यालय सोलन में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। यह शिविर 9 से 18 जुलाई तक हुआ। शिविर का आयोजन एनसीसी बॉयज बटालियन, सोलन की ओर से किया गया। इसमें महाविद्यालय के 32 कैडेट्स (14 छात्र एवं 18 छात्राएं) ने भाग लिया।
महाविद्यालय के कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन और वॉलीबाल स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिविर में कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, हथियार चलाने की ट्रेनिंग, शारीरिक और मानसिक दक्षता संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों से कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और आत्मनिर्भरता जैसे गुणों को आत्मसात करने का अवसर मिला।
इसके अतिरिक्त कैडेट अंजलि बंगा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रा विंग में सर्वश्रेष्ठ कैडेट घोषित किया गया। शिविर में महाविद्यालय के एनसीसी ऑफिसर डॉ. नरेश कुमार स्वयं कैडेट्स के साथ उपस्थित रहे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. हरप्रीत कौर ने सभी कैडेट्स को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।