आपात स्थिति में भी लगातार आ रहे डायरिया मामले
गंभीर हालत को देखते हुए चार मरीजों को किया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/परवाणू। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में डायरिया के मामले अब बढ़कर 413 हो गए हैं। सोमवार को भी 19 नये मामले आए है। इनमें से चार मरीजों गंभीर हालत देखकर भर्ती भी किया गया है। इन मरीजों पर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी नजर बनाई हुई है। वहीं आपात स्थिति में भी डायरिया के मामले कम नहीं हो रहे हैं। ऐसे में चिंताएं लगातार बढ़ी हुई हैं। सरकारी अस्पतालों में तो डायरिया के मामले आ ही रहे हैं। लेकिन अब निजी अस्पतालों का रुख भी मरीज कर रहे हैं। इसका आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग के पास भी नहीं है। वहीं चंडीगढ़ में बड़े अस्पतालों का रुख भी मरीज गंभीर स्थिति में कर रहे हैं। सोमवार को भी ईएसआई अस्पताल में काफी भीड़ देखने को मिली।
परवाणू में लगातार बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि वर्तमान में अभी भी स्थिति कुछ ठीक नहीं हैं। वहीं सोमवार को डायरिया मामलों पर राज्यपाल ने भी संज्ञान लेकर बैठक की है। साथ ही अधिकारियों को डायरिया की रोकथाम के लिए भी निर्देश दिए हैं। सोमवार को भी स्वास्थ्य विभाग को घर-घर जाकर पानी की जांच करने का अभियान जारी है। स्वास्थ्य आशा वर्करों की टीम ने परवाणू व इसके आसपास के क्षेत्रों में पानी की टंकियों में जांच की और लोगों को पानी की टंकियां साफ करने के लिए भी कहा। आशा वर्करों ने लोगों को क्लोरीन, ओआरएस घोल, दवाएं, जिंक भी वितरित की।
उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डॉ. कविता शर्मा ने कहा कि ईएसआई अस्पताल परवाणू में सोमवार को 19 नए डायरिया के मामले आए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग घर-घर जाकर दवाएं वितरित कर रहा है।