अकी के बथलांग में सड़क सुरक्षा परआयोजित जागरूकता अभियान में मौजूद ढाबा संचालक और कर्मी। स्रोत
बीडीओ अर्की बोलीं, नियमों की अनदेखी ही हादसों का मुख्य कारण, प्राथमिक उपचार की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। बथलांग में ढाबा संचालकों और कर्मचारियों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों को यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान बीएमओ अर्की ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तेज गति से वाहन चलाना, शराब पीकर ड्राइविंग करना, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे कार्य करने वाले लोगों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है क्योंकि वे सीधे सड़क उपयोगकर्ताओं के संपर्क में रहते हैं। डॉ. नवम धीमान ने कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना के समय दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सही समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी घायल की जान बचा सकता है। इस अवसर पर कुल 45 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें ढाबा संचालक, कर्मचारी और स्थानीय निकायों के सदस्य शामिल रहे।