भाजपा के अर्की मंडल की दो दिवसीय बैठक में भाग लेते नेता।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के अर्की मंडल की दो दिवसीय बैठक में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा गया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जब से कांग्रेस सरकार बनी है तब से अर्की क्षेत्र का विकास ठप पड़ गया है। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बाबू राम पंवर ने की। बैठक में विधायक गोविंद शर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया। मंडल महासचिव यशपाल कश्यप ने बताया कि आवासीय बैठक का शुभारंभ प्रदेश भाजपा के सचिव त्रिलोक जंबाल ने शुक्रवार शाम को किया। शनिवार को
समापन में स्थानीय विधायक गोविंद शर्मा ने किया। बैठक में मंडल भाजपा द्वारा पदाधिकारियों को कार्य विभाजन किया गया। बैठक में इस बात पर रोष प्रकट किया कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से लेकर आज तक अर्की निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों को ग्रहण लग गया है। क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों और शिक्षा संस्थानों में कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हैं।
अर्की सहित कई स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की कमी के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। मंडल महासचिव ने बताया कि बैठक में फैसला लिया गया कि यदि सरकार ने एक माह के अंदर स्वास्थ्य और शिक्षा संस्थानों में रिक्त पड़े पदों को नहीं भरा तो भाजपा अर्की मंडल एक बढ़ा आंदोलन सरकार के खिलाफ करेगी। बैठक में कहा गया कि क्षेत्र में सड़कों की हालत दयनीय हो गई है तथा सभी विकास कार्य ठप पड़े है। बैठक में संगठन संबंधी कई फैसले लिए गए।