डाइट सोलन में नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान के दौरान। स्रोत: संस्थान
- फोटो : लापता अभिजीत सिंह उर्फ वंशु सिंह।
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन में नशामुक्ति कला जत्था जागरूकता अभियान शुरू किया गया। इस मौके पर उपायुक्त सोलन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा आज समाज की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक है और इससे लड़ने के लिए प्रशासन, शिक्षा संस्थानों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने प्रशिक्षुओं की ओर से किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय सामाजिक पहल बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. शिव कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को अंधकार की ओर ले जाता है। शिक्षक प्रशिक्षुओं की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज को भी जागरूक करें। इस अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के सचिव सत्यवान पुंडीर, संयुक्त सचिव सीता राम ठाकुर, महिला विंग की सचिव उर्मिला ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान प्राचार्य ने बताया कि इस संपूर्ण अभियान का समन्वय जिला सोलन की नशामुक्ति समन्वयक तुलिका जायसवाल की ओर से किया जा रहा है। नशामुक्ति जागरूकता अभियान को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। इसमें प्रथम चरण सोलन के 15 प्रमुख स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में प्रस्तुतियां, द्वितीय चरण 15 फरवरी से 15 अप्रैल 2026 तक विद्यालयों एवं नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, तृतीय चरण 15 अप्रैल से 15 जून 2026 तक पंचायती संस्थानों एवं पंचायती विद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा।