जुब्बड़हट्टी में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर उपायुक्त सोलन से बैठक करते हुए। संवाद
27 जून को निरीक्षण कर सुनेंगे लोगों की समस्या
एयरपोर्ट के साथ लगती पंचायतों को हो रहा है नुकसान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शिमला एयरपोर्ट जुब्बड़हट्टी से साथ लगती ग्राम पंचायत काहला और सायरी में लोगों को आ रही समस्याओं को लेकर उपायुक्त ने बुधवार को बैठक ली। इसमें स्थानीय पंचायतों के प्रधानों की अगुवाई में ग्रामीण, हिमाचल किसान सभा के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से डायरेक्टर और जिला सोलन आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समस्त बड़े अधिकारी एसडीएम कंडाघाट, बीडीओ, अधिशासी अभियंता आदि शामिल हुए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी 27 जून को उपायुक्त सोलन सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत काहला और सायरी के नटायला गांव का निरीक्षण करेंगे। इन गांव में एयरपोर्ट के कारण नुकसान होता रहता है। निरीक्षण के बाद उपायुक्त स्थाई समाधान को लेकर उपाय भी करेंगे। गौर रहे कि एयरपोर्ट के साथ लगती काहला और सायरी पंचायतों में काफी नुकसान हो रहा है। यहां के लोग इस बारे में बीते सप्ताह उपायुक्त से मिले थे, जिस पर उपायुक्त ने यह बैठक बुलाई। वहीं अब उपायुक्त यहां पर निरीक्षण करेंगे ताकि लोगों की समस्या को सुना जा सके।