सीबीएसई पैटर्न की सराहना, बुनियादे ढांचे को मजबूत करने पर दिया जोर
बद्दी के गुल्लरवाला स्कूल में हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ की बैठक में संघ ने राज्य सरकार की ओर से प्रायोजित सीबीएसई पैटर्न की सराहना की गई। इसके साथ सरकार से मांग की कि प्राथमिक स्कूलों में सीबीएसई की तर्ज पर कक्षा-वार अध्यापक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि बुनियादी शिक्षा के ढांचे को मजबूत किया जा सके।
बैठक राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुल्लरवाला में राज्य प्रधान नरोत्तम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम जिले के वरिष्ठ उपप्रधान श्यामलाल धीमान की धर्मपत्नी रानी धीमान के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की गईं। नरोत्तम वर्मा ने कहा कि जो शिक्षण संस्थान सीबीएसई बोर्ड के तहत आएंगे, वहां की क्लस्टर प्रणाली प्रभावित होगी। इसका सीधा असर प्राथमिक, मिडिल और उच्च विद्यालयों की संगम पाठशालाओं के संचालन पर पड़ेगा। ऐसे में क्लस्टर व्यवस्था को पुनर्गठित किया जाए और वहां पर्याप्त संख्या में अध्यापकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
बैठक में भूतपूर्व राज्य प्रधान प्यारु राम सांख्यान, भूतपूर्व सदस्य ऑल इंडिया टीचर फेडरेशन यशपाल रनोट, पूर्व राज्य महासचिव अजय शर्मा, चीफ पैटर्न नरेश महाजन व कैलाश ठाकुर, राज्य महासचिव संजीव ठाकुर, पूर्व चेयरमैन स्टीयरिंग कमेटी मनसा राम, जिला सोलन के प्रधान गुरमेल चौधरी, जिला कांगड़ा के प्रधान नरेश धीमान, जिला मंडी के प्रधान अश्विनी गुलेरिया, जिला महासचिव अमर सिंह रनोट सहित स्थानीय पाठशाला की प्रधानाचार्य उपमा शर्मा और डीपीई धनीराम भी बैठक में उपस्थित रहे।