चार घंटे में मिलेगी रिपोर्ट, उपचार भी होगा जल्द शुरू
एडवांस टेस्ट से पता लग सकेगी डेंगू की सही जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में बरसात के बीच अब स्वास्थ्य विभाग डेंगू मामलों को लेकर अलर्ट हो गया है। इस बार भी स्वास्थ्य विभाग ने एलिजा मशीनों को अस्पतालों में लगवा दिया है। इसी मशीन के माध्यम से डेंगू संदिग्ध मरीजों की टेस्टिंग होगी। एलिजा मशीन से टेस्ट करने पर मरीजों को चार घंटे में डेंगू की रिपोर्ट भी मिल जाएगी। इससे संदिग्ध पीड़ितों को अधिक देर तक इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। वहीं जल्द रिपोर्ट मिलने के बाद पॉजिटिव मरीजों का उपचार भी संभव हो सकेगा। बीते वर्ष महकमे ने पहले रैपिड डेंगू टेस्ट किए थे। इसके बाद एलिजा मशीन के माध्यम से डेंगू जांच शुरू की थी। इसके सफल रहने पर इस बार भी मशीन के माध्यम से टेस्टिंग करने का फैसला लिया है ताकि समय पर रिपोर्ट दी जा सके।
गौर रहे कि बीते वर्ष जिलेभर में 2000 से अधिक लोग डेंगू के शिकार हो गए थे। लेकिन इस बार स्वास्थ्य महकमे ने औद्योगिक क्षेत्र परवाणू और बीबीएन क्षेत्र में टीम को कमर कसने के लिए कहा है। अस्पतालों को संवेदनशील क्षेत्रों से आने वाले संदिग्ध मरीजों की डेंगू टेस्टिंग करने के निर्देश भी दे दिए हैं। बीते कुछ दिनों से अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश हो रही है और पानी एकत्र हो रहा है। इसे देखते हुए लोगों को भी घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और टायरों, गमलों, वाटर कूलरों में अधिक समय तक पानी एकत्र न करने का आग्रह किया है। ऐसा करने से डेंगू का मच्छर नहीं पनपेगा और लारवा युक्त पानी भी इक्कठा नहीं हो सकेगा। अभी तक क्षेत्रों में डेंगू का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। लेकिन डेंगू से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें परवाणू और बीबीएन क्षेत्रों को पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है।
इनसेट
यह है एलिजा टेस्ट
यह परीक्षण माइक्रो बायोलॉजी लैब में होता है। निजी लैब में यह परीक्षण 1000 से 1500 रुपये के बीच होता है। जबकि परवाणू के ईएसआई अस्पताल में निशुल्क किया जाता है। इस टेस्ट में रोगी के रक्त के नमूने लेकर मशीन में परीक्षण किया जाता है। मशीन की रीडिंग को चिकित्सक गणितीय फार्मूले से कैलकुलेट कर डेंगू की पुष्टि की जाती है। इस पूरी प्रक्रिया में चार घंटे का समय लगता है।
इनसेट
डेंगू को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसे लेकर फील्ड में टीम लगी हुई है। पिछली बार की तरह इस बार भी एलिजा मशीन से डेंगू का टेस्ट किए जाएंगे ताकि लोगों को जल्द रिपोर्ट दी जा सके। जल्द रिपोर्ट मिलने से संदिग्धों का उपचार भी समय पर शुरू हो जाएगा।
-डॉ. अमित रंजन तलवार
जिला स्वास्थ्य अधिकारी, सोलन