दूसरी मंजिल में स्थित औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला का डाकघर। संवाद
पहली मंजिल पर संचालित हो रहा डाकघर, बुजुर्गों और दिव्यांगों को हो रही परेशानी
सोशल वेलफेयर यूथ स्टार क्लब ने सब्जी मंडी के पास नया भवन बनाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला स्थित डाकघर की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों में रोष पनप रहा है। पहली मंजिल पर डाकघर संचालित होने के कारण रोजाना कार्य करवाने आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, पेंशनरों और दिव्यांगजनों को हो रही है, जिन्हें सीढ़ियां चढ़कर ऊपर तक पहुंचना पड़ता है।
इस समस्या को लेकर सोशल वेलफेयर यूथ स्टार क्लब बरोटीवाला के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने डाकघर को भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर स्थानांतरित करने की जोरदार मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि बरोटीवाला एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ-साथ घनी आबादी वाला इलाका है। यहां डाक संबंधी विभिन्न कार्यों के लिए हर दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक उपयोग के इस कार्यालय का भूतल पर होना अत्यंत आवश्यक है ताकि आमजन को असुविधा न हो। राजेंद्र सिंह राणा ने डाक विभाग से मांग की है कि बरोटीवाला सब्जी मंडी के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। विभाग को वहां सभी आधुनिक व मूलभूत सुविधाओं से युक्त नए डाकघर भवन का निर्माण कराना चाहिए। इससे बुजुर्गों, पेंशन धारकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों सहित सभी स्थानीय निवासियों को सुगम सेवा मिल सकेगी। उन्होंने डाक विभाग के उच्च अधिकारियों से इस मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है।