बाघल विकास परिषद के अध्यक्ष बोले- अंग्रेजी और समाजशास्त्र विषयों में प्रवक्ताओं की कमी से प्रभावित हो रही पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। बाघल विकास परिषद के अध्यक्ष परस राम पिंकू ने राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में कॉमर्स संकाय का अभाव है, जबकि अंग्रेजी और समाजशास्त्र विषयों में शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। परस राम पिंकू ने कहा कि वर्तमान समय में कॉमर्स शिक्षा की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन दाड़लाघाट महाविद्यालय में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे संस्थानों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ता है। उन्होंने सरकार से महाविद्यालय में कॉमर्स संकाय को शीघ्र बहाल करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने अंग्रेजी और समाजशास्त्र विषयों में खाली पड़े प्रवक्ता पदों को भरने की मांग भी की। पिंकू ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में पर्याप्त शिक्षण स्टाफ की उपलब्धता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक है। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिसे दूर करने के लिए सरकार को जल्द कदम उठाने चाहिए।