विद्युत बोर्ड पेंशनर कल्याण संघ की बैठक आयोजित
सदस्यों ने कहा उच्च अधिकारियों के साथ की जाए बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। विद्युत बोर्ड पेंशनर कल्याण संघ नालागढ़ इकाई की बैठक में वर्ष 2016 से पहले व बाद में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों ने एरियर की एक मुश्त भुगतान करने की मांग उठाई। शनिवार को विद्युत बोर्ड के विश्राम गृह में हुई बैठक की अध्यक्षता इकाई के अध्यक्ष विजय जोशी ने की। जिसमें पेंशन संबंधी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रस्ताव पास किया गया कि एसोसिएशन की बैठक बोर्ड के उच्च अधिकारियों के साथ होनी चाहिए ताकि मौके पर ही मांगों का समाधान हो सके। वक्ताओं ने कहा कि छोटे स्तर के अधिकारी फैसले नहीं ले पाते इस निर्णय का सभी सदस्यों नेएकमत से समर्थन किया। इसके अतिरिक्त सरकार से 2016 से पहले और बाद में सेवानिवृत्त पेंशनरों के एरियर का भुगतान किश्तों में करने की बजाए एक मुश्त भुगतान किए जाने की भी मांग की गई। बैठक में कम्यूटेड पेंशन के विषय में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्णय को भी जल्द से जल्द लागू किए जाने के विषय में प्रस्ताव पारित किया गया, जिससे पेंशनरों का नुकसान न होने पाए।
बैठक में इकाई अध्यक्ष विजय जोशी के अलावा सचिव धर्म चंद्र राणा, कैशियर राम किशन शर्मा, प्रेस सचिव मुरली गुप्ता, रौशन लाल, सुभाष शर्मा, राम जी दास परमार, बाबू राज ठाकुर, महिंद्र सिंह, भाग सिंह चंदेल, राजिंद्र शर्मा, सुरिंदर सिंह, बाबू राम शर्मा, जय किशन शर्मा, संतराम ठाकुर, चमन लाल समेत सभी सदस्य उपस्थित रहे।