शहर में 5315 डिफाल्टर, नोटिस देने के बाद नहीं हो रही रिकवरी
डीसी ऑफिस, लोक निर्माण विभाग के कई क्वार्टरों में रहने वाले लोग भी शामिल
चार साल से फंसा है तीन करोड़ रुपये से ज्यादा पैसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सरकारी डिफॉल्टरों के पास नगर निगम का लाखों रुपये का संपत्ति कर फंसा है। कई डिफॉल्टरों ने बार-बार नोटिस के बाद भी पिछले चार साल से संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया है। शहर में वर्ष 2022 से 2026 तक संपत्ति कर की बकाया राशि के 248 डिफॉल्टर हैं। इनसे निगम को लाखों रुपये की राशि वसूलनी है। अकेले डीसी कार्यालय और क्षेत्रीय अस्पताल से सात लाख के करीब राशि की वसूली की जानी है।
डीसी कार्यालय के पास करीब चार लाख रुपये बकाया है, वहीं क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से 2,90,280 रुपये की राशि वसूलनी है। आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन से भी 3,31,013 रुपये बकाया है। इसके अलावा डीसी कार्यालय और लोक निर्माण विभाग के कई सरकारी क्वार्टरों से भी लाखों रुपये की राशि वसूलनी है। बार-बार नोटिस मिलने के बाद भी सरकारी डिफॉल्टर टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे हैं।
शहर के 17 वार्डों में कुल 5,315 डिफॉल्टर हैं जिनके पास निगम की लगभग तीन करोड़ रुपये की राशि बकाया है। इसमें सरकारी डिफॉल्टरों के अलावा वार्ड एक में 366, वार्ड दो में 534, वार्ड तीन में 225, वार्ड चार में 176, वार्ड पांच में 242, वार्ड छह में 327, वार्ड सात में 265, वार्ड आठ में 224, वार्ड नौ में 290, वार्ड 10 में 211, वार्ड 11 में 338, वार्ड 12 में 386, वार्ड 13 में 117, वार्ड 14 में 208, वार्ड 15 में 238, वार्ड 16 में 326, वार्ड 17 में 561 डिफॉल्टर हैं। यह आंकड़े बीते चार वर्षों के हैं।
कोट
नगर निगम ने डिफॉल्टरों के खिलाफ अभियान चलाया है। वार्डों में टैक्स का भुगतान न करने वाले डिफॉल्टरों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अभी तक वार्ड एक और दो में नोटिस दिए गए हैं, अन्य वार्डों में भी जल्द नोटिस दिए जाएंगे। जो डिफॉल्टर लंबे समय से भुगतान नहीं कर रहे हैं उनका पानी का कनेक्शन काटने की तैयारी है। इन डिफॉल्टरों की सूची तैयार कर दी है।
-सुषमा शर्मा, महापौर, नगर निगम सोलन