बैंक ने करोड़ो की करनी है वसूली
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बघाट बैंक मामले में सहायक पंजीयक की अदालत में एक बार फिर डिफॉल्टरों की पेशियां लगने जा रही हैं। इसे लेकर बघाट बैंक ने डिफॉल्टरों की सूची सहायक पंजीयक की अदालत को सौंप दी है। ये वे डिफॉल्टर हैं जिन्होंने पिछली पेशियों में न तो एकमुश्त भुगतान के लिए आवेदन किया और न ही बैंक की बकाया राशि चुकाने के लिए आगे आए।
ऐसे में अब अदालत इन डिफॉल्टरों के खिलाफ दोबारा गैर-जमानती वारंट जारी कर सकती है। इससे पहले भी दो बार इन डिफॉल्टरों को अदालत में पेश होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन कई डिफॉल्टर पेश नहीं हुए थे। अब एक बार फिर उन्हें अदालत में तलब करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बैंक को अभी भी इन डिफॉल्टरों से करोड़ों रुपये की रिकवरी करनी है। इसके बावजूद कई डिफॉल्टर भुगतान के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। इनमें कुछ रसूखदार लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में बघाट बैंक के प्रबंध निदेशक राजकुमार कश्यप ने बताया कि नियमित प्रक्रिया के तहत डिफॉल्टरों की सूची सहायक पंजीयक की अदालत को भेजी गई है, ताकि उन्हें दोबारा अदालत में पेश होने के लिए बुलाया जा सके।