कुठाड़(सोलन)। चंडी के गांव शंघेला में छत से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक टिक्कर जाबल (पट्टा मह्लोग) का रहने वाला था और शंघेला गांव में शादी में आया हुआ था। खाना खाने के बाद वह टहलने के लिए लेंटल पर गया और अचानक वहां से गिर गया। व्यक्ति को घायल अवस्था में उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टा ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उक्त व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक की पहचान 75 वर्षीय योगराज गांव टिक्कर जाबल (पट्टा मह्लोग) के रूप में की है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर मामले की पुष्टि डीएसपी परवाणू योगेश रौल्टा ने की है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।