बद्दी सांई मार्ग पर लाज धर्मकांटा के पास वाहन की चपेट में आने से एक कामगार की मौत हो गई। वाहन चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। कामगार को बेहोशी की हालत में पहले बद्दी व उसके बाद नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
यह घटना सोमवार मध्य रात्रि साढ़े 12 बजे की है। जिला कांगड़ा के पालमपुर तहसील के राख गांव का रहने वाला राजीव कुमार (37) पुत्र रणजीत सिंह बद्दी स्थित उद्योग में कार्यरत था। हरियाणा के कालका तहसील के नानकपुर निवासी मोहन लाल रात को जब बंसती बाग से अपने घर जा रहा था तो लाज धर्म कांटा के पास सड़क किनारे उसने राजीव कुमार को उल्टा पड़ा हुआ देखा। जब उसने उसे सीधा किया तो उसके नाक व मुंह से खून आ रहा था।
उसने इसकी सूचना बद्दी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर आकर राजीव को पहले बद्दी व उसके बाद नालागढ़ पहुंचाया, लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि राजीव के सिर में चोट लगने से उसकी मौत हुई है। मृतक अपने पीछे पत्नी व एक बेटा छोड़ गया है। पुलिस ने 279, 304 ए व 187 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।