संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल के विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत धुंदन का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने पंचायत की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। स्कूल प्रधानाचार्य आनंद दुबे ने बताया कि ग्राम पंचायत धुंदन पहुंचने पर विद्यार्थियों का पंचायत सदस्यों प्रधान शकुंतला शर्मा, उपप्रधान मदन लाल, सचिव खेमराज व अन्य सदस्यों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया। भ्रमण के दौरान पंचायती सदस्यों ने विद्यार्थियों को ग्राम पंचायत की संरचना, कार्यप्रणाली और उसकी भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि पंचायत को किस प्रकार सरकार से वित्तीय सहायता प्राप्त होती है और इन फंड्स का उपयोग ग्राम के विकास और जनकल्याण में कैसे किया जाता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मतदान प्रक्रिया,पंचायत संचालन में आने वाली चुनौतियों आदि विषयों पर कई प्रश्न पूछे, जिनका पंचायती सदस्यों ने गंभीरता और सहजता से उत्तर दिया। इस अवसर पर ईशा, साहिल, शीतल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।