बार-बार शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था, ग्रामीणों ने चौड़ीकरण और सुरक्षा उपायों की उठाई मांग
पर्यटकों व भारी वाहनों के कारण लगता है लंबा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल(सोलन)। पर्यटन स्थल चायल में राजकीय प्राथमिक विद्यालय के समीप स्थित तंग मोड़ प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की अनदेखी हादसों को न्योता दे रही है, लेकिन बार-बार शिकायतों और गुहार के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। सबसे गंभीर बात यह है कि इसी खतरनाक मोड़ के ठीक साथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय स्थित है, जहां प्रतिदिन दर्जनों बच्चे पढ़ने आते हैं। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय बच्चों की आवाजाही के दौरान भारी और तेज रफ्तार वाहनों का गुजरना अभिभावकों व स्थानीय निवासियों की चिंता लगातार बढ़ा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि यहां कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी जवाबदेही किसकी होगी। इस मुख्य मार्ग से रोजाना दर्जनों पर्यटक बसें, निजी गाड़ियां, टैक्सियां और स्थानीय लोगों के वाहन गुजरते हैं। मोड़ अत्यधिक संकरा होने के कारण बड़ी बसों को यहां से निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार दो वाहन आमने-सामने आ जाने से घंटों लंबा जाम लग जाता है। ऐसे में चालकों की जरा सी चूक भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय निवासियों में अश्वनी शर्मा, कमल कुमार, दीनदयाल, सुनील कुमार, तरुण तथा अन्य ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने कई बार इस मोड़ को चौड़ा करने की मांग उठाई है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिले, धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसमें तंग मोड़ को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत चौड़ा किया जाए, स्कूल के पास चेतावनी बोर्ड और स्पीड ब्रेकर स्थापित किए जाएं, बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा उपाय और बैरिकेडिंग की व्यवस्था हो।