बड़े वाहनों के लिए एक सप्ताह के भीतर चालू किया जाएगा
विधायक हरदीप बावा ने दोनों रोज्यों के अधिकारियों को दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने दभोटा पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि पंजाब व हिमाचल के अधिकारियों को इस पुल को शीघ्र चालू करने का कहा। उन्होंने कहा कि जब तक बड़े वाहनों के लिए यह पुल तैयार नहीं होता है तब तक दुपहिया वाहनों के लिए इसे एक दो दिन के भीतर खोल जाए। बारिश से पहले इस पुल को चालू किया जाए।
दभोटा पुल तीन साल से बंद है। लोगों को खड्ड से होकर जाना पड़ रहा है। वर्ष 2023 के जुलाई माह में हुई भारी बरसात में इस पुल का एक हिस्सा टूट गया था तब से लेकर आज तक इस पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इस पुल का आधा हिस्सा पंजाब व आधा हिमाचल के अधीन है जिसके लिए दोनों राज्यों में डेढ़-डेढ़ करोड़ जारी किए गए हैं और इसे पंजाब सरकार की ओर से बनाया जा रहा है। हालांकि पिछले कुछ समय में निर्माण कार्य शुरू तो हुआ था, लेकिन बीच-बीच में विभिन्न रुकावटों के चलते समय पर नहीं बन पाया है।
पुल की मरम्मत पर 2 करोड़ 91 लाख 94 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं और पुल की कुल लंबाई 146 मीटर है, लेकिन 41.7 मीटर हिस्सा डैमेज हो गया है। 17.5 मीटर हिस्सा पंजाब व 24.1 मीटर हिस्सा हिमाचल का है।
एसडीओ लोनिवि रोपड़ परमजीत सिंह ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि पुल के शेष बचे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया है कि आगामी दो दिनों के भीतर पुल को बाइक एवं मोटरसाइकिल की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर विधायक के साथ उप प्रधान सुशील मेहता, भूपिंदर सिंह राणा, मोहन लाल, बलदेव सिंह शीला, वार्ड मेंबर परविंदर सिंह, वार्ड मेंबर संतोष सिंह, सोहन लाल अजमेर सिंह, दलबारा सिंह, जसवंत सिंह पम्मा, गुरदीप सिंह दीपी उपस्थित रहे।