बाघल स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दमखम दिखाती टीम। संवाद
बाघल स्पोर्ट्स क्लब ने स्यार में किया प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। बाघल स्पोर्ट्स क्लब की ओर से स्यार में आयोजित एक दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दाड़ला ए टीम ने क्रीड़ा भारती को शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा जमाया। उप विजेता रही क्रीड़ा भारती की टीम को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अधिवक्ता कुनाल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ रोहित और दीक्षित अंगिरस विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्यातिथि ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। खिलाड़ियों ने भी खेल के माध्यम से नशामुक्त समाज का संकल्प दोहराया। अतिथियों ने इस सफल आयोजन के लिए बाघल स्पोर्ट्स क्लब के ईशान और उनकी पूरी टीम की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं से छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है। प्रतियोगिता में क्षेत्र की दर्जनों टीमों ने हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य और भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।