राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घरेड़ में पहाड़ी नाटी पर थिरकते हुए स्कूली बच्चे व मुख्य अतिथि- संवा
विद्यार्थियों ने भंगड़ा, गिद्दा और नाटी ने बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरेड़ का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में दून के विधायक के बेटे अजितेश चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और वंदे मातरम से हुआ, जिसके बाद प्रधानाचार्य सीमा चौहान ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में राजबीर और रेणुका के नृत्य के साथ-साथ छात्राओं की ओर से प्रस्तुत घूम्मर और मुल्तानी डांस ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। वरिष्ठ छात्रों के भंगड़ा और गिद्दा ने कार्यक्रम में जोश भर दिया, जबकि पहाड़ी नाटी पर मुख्यातिथि भी झूमते नजर आए। शिक्षा के क्षेत्र में हिमांश, गीतांश, हरमीत कौर, सोनिया, कनिका, स्वाति, हेमा चंदेल और कोमल सहित अन्य मेधावियों को कक्षा में अव्वल रहने पर नवाजा गया। खेलकूद के अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में वरुण, शिवम, खेमचंद और युवराज सहित विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। अजितेश चौधरी ने स्कूल की मांगों को विधायक के माध्यम से पूरा करवाने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व उन्होंने छात्रों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रधान प्रेम चंद, उपप्रधान मस्तराम, विक्की, अमृत सिंह और समस्त स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।