बद्दी (सोलन)। गीता परिवार की हिमाचल व पंजाब इकाइयों की ओर से पुरुषोत्तम मास पर गीता के 15वें अध्याय का रोजाना पाठ किया जा रहा है। जूम एप पर इस पाठ में प्रदेश भर के 50 परिवार जुड़े हैं। यह पाठ हर रोज रात 9:30 बजे से शुरू होता है। हिमाचल के प्रभारी राम गोपाल अग्रवाल ने बताया कि 17 मई से 15 जून तक पुरुषोत्तम माह चल रहा है। गीता का 15वां अध्याय का पाठ करना व सुनना काफी फलदायक होता है। करीब 20 से 25 मिनट के इस पाठ को संस्कृत में ही पढ़ा जाता है। राम गोपाल अग्रवाल ने बताया कि राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरि महाराज ने गीता परिवार का गठन किया है। गीता परिवार की ओर से देश व विदेश में लाखों भक्त इससे जुड़े हैं। सुबह 5:30 से रात 2:00 बजे तक 18 सत्र चलते हैं जिसमें गीता को संस्कृत में पढ़ाया जाता है। बद्दी के समाजसेवी रमन कौशल ने बताया कि गीता भगवान श्रीकृष्ण के मुख से निकली वाणी है जिसके श्रवण मात्र से मनुष्य के कष्टों का निवारण होता है।