सोलन। चामत भड़ेच पंचायत के दयारशघाट में दो और तीन मई को निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मंदिर प्रबंधन समिति ने पंजीकरण शुरू कर दिया है। पिछले लंबे समय से यहां पर सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन किया जाता है। इसमें दूर-दूर से अभिभावक अपने बच्चों को यज्ञाेपवीत धारण करवाने के लिए यहां लाते हैं। इसके अलावा विश्व कल्याणार्थ हवन यज्ञ, भंडारे व धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं। जनवरी में ही यहां पर रामकथा आयोजन किया गया। देव दयारश, देव विजेश्वर व माता नगर कोटी मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गणेश दत्त शर्मा ने बताया कि प्रबंधन समिति की बैठक में यज्ञोपवीत संस्कार कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसमें सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डाॅ. लेखराम शर्मा बटुकों को गुरु दीक्षा प्रदान करेंगे। यज्ञोपवीत संस्कार यज्ञ की अध्यक्षता देव पुरोहित आचार्य उमा दत्त भारद्वाज करेंगे। यज्ञोपवीत धारण करने वाले बटुकों को अपने साथ केवल धोती-कुर्ता, झोली व चांदी का छल्ला लाना होगा। इसके अलावा खान-पान, ठहरने व अन्य सामग्री की व्यवस्था सेवा समिति की ओर से की जाएगी। 2 मई को सुबह 9 बजे देव पूजन, 10 बजे पूर्वांग पूजन, 11 बजे तेल बटणा व अन्य विधियां होंगी। 2 बजे फलाहार व 5 बजे भंडारे का आयोजन होगा। 3 मई को सुबह 9 बजे यज्ञोपवीत धारण संस्कार, दोपहर 12 बजे यज्ञोपवीत बटुकों को उपदेश व एक बजे के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।