शीतला माता मंदिर नालागढ़ में उमड़ी भीड़ स्रोत: संवाद न्यूज एजेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़। नालागढ़ के ऐतिहासिक मंगला दे दूसरे मेले के अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। यह मेला हर वर्ष ज्येष्ठ मास के सभी मंगलवारों को आयोजित होता है, जिसमें श्रद्धालु सुबह-सुबह पहुंचकर पूजा-अर्चना कर लौट जाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग सूर्योदय से पहले ही मंदिर में माथा टेकने पहुंचते हैं। मंदिर के पुजारी मोहन दास के अनुसार यह परंपरा सदियों पुरानी है। मेला ज्येष्ठ माह के पहले मंगलवार से शुरू होकर अंतिम मंगलवार तक चलता है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेते हैं। पहले मेले में दून क्षेत्र, दूसरे में चंगर क्षेत्र, तीसरे में पहाड़ी क्षेत्र और चौथे मंगलवार को सभी क्षेत्रों के लोग शामिल होते थे। उन्होंने बताया कि समय के साथ परंपरा में बदलाव आया है और अब श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी मंगलवार को मंदिर पहुंच जाते हैं। विशेष रूप से तीसरे मंगलवार को सबसे बड़ा मेला लगता है, जिस दिन प्रशासन की ओर से स्थानीय अवकाश भी घोषित किया जाता है।