सोलन। कोविड के बीच एक दिन वीकेंड बंद के बाद सोमवार को बाजारों में लोगों और वाहनों की भारी आवाजाही से शहर जाम हो गया। माल रोड, बाईपास, राजगढ़ रोड समेत अस्पताल मार्ग पर वाहनों की अधिक आवाजाही से ढील के दौरान रुक-रुक जाम लगता रहा।
वाहनों को ओल्ड बस स्टैंड से बाईपास मार्ग तक पहुंचने में आधे घंटे से भी अधिक का समय लगता रहा। इस बीच पुलिस जवानों के जाम खुलवाने में पसीने छूट गए। ढील समय के पांच घंटे के बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई। वहीं शहर के मुख्य बाजारों में भी खरीदारी के लिए लोगों की काफी भीड़ रही। इस बीच बाजारों में सामाजिक दूरी की पालना करना भी मुश्किल हो गया था। इस दौरान बिना मास्क के भी लोग बाजारों में दिखाई दिए।
पेश है लाइव रिपोर्ट :
सोमवार का दिन, स्थान - मुख्य बाजार सोलन, समय : दोपहर 12:21 बजे। एक दिन बंद के बाद लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। इस बीच दर्जनों निजी वाहनों माल रोड पर वाहन पार्क कर रहे हैं। बस स्टैंड से थोड़ा आगे जाकर समय 12:47 बजे पर माल रोड से ओल्ड डीसी चौक तक लंबा जाम लगा है। इस बीच गाड़ियों के शोर के बीच राहगीर आवाजाही कर रहे हैं।
दोपहर 12:50 बजे पर शहर के बीच माल रोड पर रोगियों को ले जा रही एंबुलेंस फंसी रही। बहुत अधिक संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे हैं। इस बीच सामाजिक दूरी बनाए रखना भी लोगों के लिए मुश्किल भरा रहा। जाम के बीच पुलिस जवानों की खूब कसरत हो रही है। इस बीच अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण और अधिक जाम लग रहा था। इसके बाद पुलिस ऐसे वाहनों के चालान भी काट रही है। 1:22 पर ढील में राहगीर बिना मास्क दिखाई दिए। सोमवार को बाजार में लोगों की आवाजाही ज्यादा हुई है।
मेले को लेकर सोमवार को रहा अवकाश
मां शूलिनी मेले के समापन के बाद सोमवार को शहर में अवकाश रहा। हालांकि बाजारों में दुकानें खुलने के बाद लोगों की भीड़ आम दिनों की तरह ही नजर आई। कोविड से पहले भी मेले के सफल आयोजन के बाद एक दिन की छुट्टी रहती है।