रामशहर के कृषि सेवा सहकारी सभा में पहुंची यूरिया खाद की खेप लेते हुए। संवाद
कुछ घंटों में बिक गईं 350 बोरियां, किसानों की नई खेप भेजने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर(सोलन)। क्षेत्र में इन दिनों यूरिया खाद की किल्लत के बीच शनिवार को रामशहर कृषि सेवा सहकारी सभा में खाद की खेप पहुंचते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रक से लाई गई 350 बोरी यूरिया खाद कुछ ही घंटों में पूरी तरह बिक गई।
कृषि सेवा सहकारी सभा के महासचिव मनोहर सिंह ने बताया कि यूरिया खाद का ट्रक पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान सभा कार्यालय पहुंच गए। क्षेत्र में खाद की मांग इतनी अधिक है कि 350 बोरियों की पूरी खेप देखते ही देखते समाप्त हो गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में यूरिया खाद की मांग लगातार बनी हुई है। किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए सहकारी सभा लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही अतिरिक्त खेप उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
यूरिया खाद की तेजी से हुई बिक्री से स्पष्ट है कि खरीफ फसलों के सीजन में किसान खाद की कमी को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय किसानों ने कृषि विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द अतिरिक्त यूरिया खाद उपलब्ध करवाई जाए, ताकि फसलों की समय पर देखभाल हो सके और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।