मक्की-धान 15 जुलाई और टमाटर के लिए आवेदन 31 तक
पुनर्गठित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को मिलेगा प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा कवच
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने के लिए पुनर्गठित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कृषि उपनिदेशक सोलन डॉ. देवराज कश्यप ने बताया कि जिले में मक्की और धान की फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 15 जुलाई है, जबकि टमाटर की फसल के लिए किसान 31 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत मक्की और धान के लिए 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर बीमित राशि निर्धारित की गई है। इन दोनों फसलों का बीमा कराने के लिए किसानों को 96 रुपये प्रति बीघा प्रीमियम देना होगा। वहीं टमाटर की फसल के लिए दो लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की बीमित राशि तय की गई है, जिसके लिए किसानों को 800 रुपये प्रति बीघा प्रीमियम जमा करना होगा।
योजना के अंतर्गत किसानों को कम वर्षा, सूखा, बाढ़, भूमि कटाव, ओलावृष्टि तथा फसल कटाई के बाद दो सप्ताह के भीतर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के साथ-साथ स्थानीयकृत आपदाओं से भी सुरक्षा मिलेगी। कृषि उपनिदेशक ने बताया कि ऋणी (लोन लेने वाले) किसानों के लिए भी यह योजना अब पूरी तरह ऐच्छिक (वैकल्पिक) है।
लोकमित्र केंद्र या ऑनलाइन करें आवेदन
किसान फसलों का बीमा नजदीकी लोकमित्र केंद्र के माध्यम से करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें जमाबंदी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और बिजाई प्रमाण-पत्र साथ ले जाना होगा। किसान चाहें तो फसल बीमा योजना के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी घर बैठे आवेदन कर सकते हैं।
समय रहते कराएं बीमा
कृषि उपनिदेशक डॉ. देवराज कश्यप ने जिले के किसानों से समय रहते मक्की, धान और टमाटर की फसलों का बीमा कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में बीमा योजना के तहत किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि विकास अधिकारी अथवा कृषि विभाग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।