सोलन। अखिल भारतीय हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक संघ सायरी ममलीग जुब्बड़हट्टी के सूबेदार हीरा नंद शर्मा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बेहली ग्राम पंचायत सायरी, कंडाघाट में सैन्य सम्मान के साथ हुआ। पूर्व सैनिक लीग, 2 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फेंट्री सोलन, सूबेदार मेजर नरेश कुमार कौंडल समेत कई सैनिक इस दौरान मौजूद रहे। लीग के सदस्यों ने तिरंगे और फूल मालाओं के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 2 जैक लाइट इन्फेंट्री की टुकड़ी ने दिवंगत सैनिक को सलामी दी। 2 जैक लाइट इन्फेंट्री सोलन के कमान अधिकारी की ओर से शोक-संतप्त परिवार को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।