परवाणू थाना के तहत टकसाल गांव से एक 11 वर्षीय छात्रा रहस्मयी परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा चौथी कक्षा में पढ़ती है।
- फोटो : demo pic
परवाणू थाना के तहत टकसाल गांव से एक 11 वर्षीय छात्रा रहस्मयी परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा चौथी कक्षा में पढ़ती है। घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे की है। अभिभावकों की ओर से पुलिस थाना परवाणू में गुमशुदगी की रपट लिखाने पहुंचे परिजनों को पुलिस ने पहले बच्ची को उन्हें अपने नजदीकी रिश्तेदारों के यहां खोजने की सलाह दी। इसके बाद ही थाना में रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
टकसाल में किराये के तौर पर उत्तर प्रदेश निवासी परशुराम ने बताया कि 14 जून को सुबह साढ़े 8 बजे उनकी 11 वर्षीय बेटी स्कूल के लिए तैयार हुई। घर से गलियों के रास्ते बाहर की ओर निकली। परिजन भी उसे देखने के लिए बाहर निकले तो उनकी बेटी कहीं नहीं दिखी। एकाएक हुई इस घटना से अभिभावक परेशान हो गए और दूर-दूर तक उसके खोजने निकल पड़े।
परशुराम ने बताया कि मंगलवार को बेटी के लापता होने के बाद वे परवाणू पुलिस थाना पहुंचे तथा गुमशुदगी की रपट दर्ज करानी चाही लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तथा उन्हें अपनी बेटी को खोजने के लिए कहा। पुलिस ने आश्वासन दिया कि अगर उनकी बेटी नहीं मिलती है तो वे शिकायत के आधार पर रपट दर्ज करेंगे। तीन दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक परशुराम अपनी बेटी की तलाश में दर-दर भटक रहा है। कालका और पिंजौर आदि जगहों पर भी तलाश करने के बाद कोई सुराग नहीं मिला। डीएसपी परवाणू प्रमोद चौहान ने बताया की परवाणू के साथ लगते टकसाल निवासी परशुराम ने अपनी बेटी के अचानक गुम होने की रिपोर्ट लिखवाई है। मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है ।