पैसों के लेनदेन को लेकर ट्रक चालक को एक व्यक्ति व उसके दो बेटों ने मौत के घाट उतार दिया। पांच दिन तक बंदी बनाकर उसकी इतनी पिटाई की वह मर गया। चालक की मौत होने के बाद ट्रक संचालकों ने ट्रक पलटकर इसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। पंजाब के जिला रोपड़ के नंगल क्षेत्र के गांव गग माजरा स्वाहन के हेमराज के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को दबोच लिया है। गग माजरा स्वाहन गांव का बिंदर नालागढ़ के नत्थू राम के ट्रक पर चालक का कार्य करता था। 21 जनवरी को उसे नत्थू राम व उसके दो बेटे गुरप्रीत व हरबंस उठाकर ले गए। जब हेमराज ने बिंदर के मोबाइल पर फोन किया तो किसी ओर व्यक्ति ने उठाया। उसने बताया कि उसने बिंदर से 22 हजार रुपये लेने हैं। बाद में बिंदर से भी बात कराई गई। बिंदर ने भी बताया कि उसने 22 हजार रुपये देने हैं। तब तक उसे उन्होंने बंदी बनाकर रखा है।
25 जनवरी को जब वह तथा उसका भाई प्रकाश नंगल से पैसा लेकर नालागढ़ आ रहे थे तो नत्थू राम ने उन्हें फोन करके बताया कि बिंदर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। इन लोगों ने चार दिन तक उसे बंदी बनाकर प्रताड़ित किया, जिससे वह मर गया। बाद में इन लोगों ने ढाणा गांव में ट्रक को पलटा दिया और मौत सड़क दुर्घटना से दिखाने का प्रयास किया।
एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने धारा 302, 342, 201, 323 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में ट्रक संचालक नत्थू राम को दबोच लिया है। नत्थू राम ने बिंदर सिंह की पिटाई करने व कमरे में बंद करने की बात कबूल ली है। आरोपी के दोनों बेटे अभी फरार हैं। जिन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा। उसके बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।