औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में एक गेयर कंपनी के तेल के टैंक में अचानक आग लग गई। आग से हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण तेल का ओवर हीट होना बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर फोम डाल कर काबू पाया।
यह हादसा बुधवार सुबह 4: 50 पर हुआ। टैंक में 35 सौ लीटर तेल था। सूचना मिलते ही फायर ऑफिसर किशोर कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फायर ऑफिसर किशोर कुमार ने बताया कि तेल के टैंक में आग तेल के ओवर हीट होने से लगी थी। इस अग्निकांड से 70 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। अगर आग प्लांट में फैल जाती तो बहुत बड़ा नुकसान हो सकता था। उधर, बरोटीवाला के थाना प्रभारी दयाराम ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग को बुझाने में सहयोग किया।